खूंटी में तजना नदी पुल के नीचे महिला और युवक के शव मिले, पति पर हत्या का आरोप
ससुराल से लौटते समय लापता हुए थे दोनों, अगले दिन मिले शव
खूंटी जिले के तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक महिला और युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा निवासी नेहा कुमारी और अरुण कुमार राणा के रूप में हुई है। परिजनों ने नेहा के पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
खूंटी। खूंटी सदर थाना क्षेत्र के घाघरा गांव स्थित तजना नदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक महिला और एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के बड़गांई निवासी नेहा कुमारी (25) और अरुण कुमार राणा (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी और पड़ोसी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नेहा कुमारी की शादी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव निवासी कुंदन प्रमाणिक से हुई थी। वह इन दिनों अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थी। गुरुवार को वह अपने पांच वर्षीय बेटे को साथ लाने के लिए पड़ोसी अरुण कुमार राणा के साथ बाइक से अपने ससुराल गई थी। बताया गया कि बेटे को साथ ले जाने को लेकर नेहा और उसके पति के बीच विवाद हो गया।


नेहा के पिता भोला ठाकुर ने अपनी बेटी के पति कुंदन प्रमाणिक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और नेहा ने पहले भी पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के कुछ समय बाद से ही कुंदन प्रमाणिक नेहा के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था, जिसके कारण वह पिछले लगभग तीन वर्षों से मायके में रह रही थी। परिजनों का दावा है कि घटना के बाद से कुंदन प्रमाणिक फरार है।
मृतकों के परिजनों ने करंज थाना पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि शिकायत मिलने के बाद समय पर कार्रवाई की जाती तो दोनों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, अरुण कुमार राणा का पति-पत्नी के विवाद से कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं था। वह केवल पड़ोसी होने के नाते नेहा की सहायता के लिए उसके साथ गया था। अरुण अपने पिता प्रकाश राणा के साथ फर्नीचर का काम सीख रहा था। बताया गया कि नेहा और उसके पिता के अनुरोध पर वह उसे ससुराल तक छोड़ने गया था।
पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Latest News

