जमशेदपुर में महिला से सोने की चेन झपटी, जुबिली पार्क के पास बाइक सवार बदमाश फरार
बाइक सवार दो बदमाशों ने कुछ सेकंड में दिया घटना को अंजाम
पूर्वी सिंहभूम के साकची थाना क्षेत्र में जुबिली पार्क के समीप बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पीड़िता चंदना दास परिवार के साथ जुबिली पार्क घूमने के बाद खाऊ गली में खाना खाने पहुंची थीं।
जमशेदपुर: महिला से सोने की चेन की छिनतई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, सोनारी के आदर्शनगर निवासी चंदना दास अपने परिवार और ननद के साथ जुबिली पार्क घूमने आई थीं। पार्क से निकलने के बाद सभी लोग साकची स्थित खाऊ गली में खाना खाने पहुंचे। बताया जाता है कि जब चंदना दास फूड स्टॉल के सामने बैठने जा रही थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने उतरते ही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और अपने साथी के साथ तेज रफ्तार से फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दिनदहाड़े चेन झपटमारी की यह दूसरी घटना है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह वारदात एसएसपी कार्यालय के सामने हुई है। साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
Related Posts


Latest News


