Hazaribagh News: बंद घर का ताला तोड़कर चार लाख की चोरी, इलाज के पैसे ले उड़े चोर
लॉकर में रखे 40 हजार रुपये नगद और कीमती गहने गायब
हजारीबाग के कटकमदाग थाना अंतर्गत लुटा गांव में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नगद सहित करीब 4 लाख रुपये के जेवरात उड़ा लिए। पीड़ित बैंक कर्मी ने बताया कि यह राशि पत्नी के वेलोर में होने वाले इलाज के लिए रखी गई थी।
हजारीबाग: कटकमदाग थाना क्षेत्र के ग्राम लुटा में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर नगद राशि सहित करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित गृहस्वामी ने कटकमदाग थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। भुक्तभोगी रविंद्र कुमार दास ने बताया कि वे 27 मई को पूरे परिवार के साथ एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। उनके पिता पुराने घर में सोए हुए थे। सुबह जब वे नए घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना परिवार को दी।
परिवार के लौटने पर घर के अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने लॉकर में रखे 40 हजार रुपये नगद समेत सोने और चांदी के कई जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने की कान की बाली, नोजपिन, गले की चेन, बाला, अंगूठी तथा चांदी के तीन जोड़ी पायल, चांदी का बाला, कमर खोसनी और क्लिप शामिल हैं। कुल चोरी की गई संपत्ति की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
