Giridih News: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गिरिडीह में भव्य समारोह, मंत्री सुदिव्य कुमार ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
मंत्री सुदिव्य कुमार ने अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक किया नमन
गिरिडीह के झंडा मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। समारोह में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।
गिरिडीह: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गिरिडीह के मुख्य समारोह स्थल झंडा मैदान में शनिवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधिगण, वरीय पदाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी समेत बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद पूरे समारोह स्थल पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने पर जोर
मंत्री ने कहा कि गिरिडीह जिला प्रशासन सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, शिक्षा व्यवस्था में आधुनिक संसाधनों को शामिल करने, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, कृषि एवं रोजगार सृजन, पेयजल एवं स्वच्छता के साथ पर्यटन और खेलकूद के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में अबुआ आवास योजना, मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन मिशन, मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने जिलेवासियों से सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारा बनाए रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने झारखंड राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके संघर्ष और समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मी भी सम्मानित
समारोह में विधि-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के माध्यम से जिला प्रशासन ने जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास के संकल्प को दोहराया। साथ ही गिरिडीह जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
Related Posts


Latest News








