Giridih News: नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक का उद्घाटन
डीसी रामनिवास यादव व एसपी ने अर्पित की पुष्पांजलि
गिरिडीह बस स्टैंड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने 'पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक' का उद्घाटन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान गुरुजी के योगदान को याद करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार भावुक हो गए और प्रशासनिक अधिकारियों समेत झामुमो नेताओं ने गुरुजी को नमन किया।
गिरिडीह: झारखंड अलग राज्य के निर्माता, जल जंगल जमीन की लड़ाई लड़ने वाले, महाजनी प्रथा के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद करने वाले, झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह बस स्टैंड में पद्म भूषण दिशोम गुरू शिबू सोरेन चौक का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिशोम गुरू शिबू सोरेन ने लड़कर झारखंड अलग राज्य बनाया था। उनका सपना था कि अंतिम पायदान पर खड़े लोग अपने हक अधिकार के लिए जागें, उनका कोई शोषण ना करे, वो शिक्षित हों और उनका समूचित विकास हो। गुरूजी का मानना था कि जब अंतिम पायदान पर खड़े लोगों का विकास होगा तभी हमारा झारखंड समृद्ध झारखंड बनेगा।
उनको भूलना आसान नहीं है, इतना कहते-कहते मंत्री भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा बस स्टैंड परिसर "दिशोम गुरु अमर रहें" और "शिबू सोरेन अमर रहें" के नारों से गूंज उठा। श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से उपस्थित लोगों ने दिशोम गुरू के अधूरे सपनों को पूरा करने और झारखंड के विकास के लिए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
चौक उद्घाटन के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर गुरूजी को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, गुरूजी को मानने वाले, उनको जानने वाले व कई जन प्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया। श्रद्धांजलि देने वालों में गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूआ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
समारोह में झामुमो के जिला सचिव महालाल सोरेन, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, पूर्व विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, डुमरी विधानसभा के नेता राजू महतो, प्रणव वर्मा, जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी, दिलीप मंडल, बरकत अली, बिरजू मरांडी, जिला सह सचिव भैरव वर्मा, दिलीप रजक, मेहताब मिर्जा, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर, सभी प्रखंडों के अध्यक्ष सचिव सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News








