Giridih News: शटडाउन के बीच बिजली आपूर्ति चालू होने से केजुअल कर्मी सरयू पंडित की मौत
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गिरिडीह के महतोडीह में शटडाउन के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू होने से 46 वर्षीय केजुअल कर्मी सरयू पंडित की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने डांडीडीह पावर हाउस के सामने सड़क जाम कर मुआवजा और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
गिरिडीह: बिजली विभाग के एक केजुअल कर्मी की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। महतोडीह में करंट लगने से हुई मौत के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने डांडीडीह स्थित बाबर हाउस के सामने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
मृतक की पहचान मटरूखा पंचायत निवासी 46 वर्षीय सरयू पंडित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे पिछले 18 वर्षों से डांडीडीह पावर हाउस में केजुअल वर्कर के तौर पर कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि महतोडीह में ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान पहले शटडाउन लिया गया था, लेकिन काम चलने के बीच अचानक बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। इसी दौरान सरयू पंडित करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


