Giridih News: रोजगार और स्वास्थ्य, एनएचएम के तहत गिरिडीह में 101 रिक्त पदों पर जल्द होगी बहाली
डीडीसी स्मृता कुमारी भी बैठक में रहीं उपस्थित
गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर एनएचएम के तहत रिक्त 101 तकनीकी व प्रशासनिक पदों पर अविलंब पारदर्शी नियुक्ति का निर्देश दिया। डीडीसी स्मृता कुमारी और सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में जिले के मातृ-शिशु स्वास्थ्य व टीबी नियंत्रण कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
गिरिडीह: उपायुक्त, रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की। बैठक में जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, मानव संसाधन की उपलब्धता एवं रिक्त पदों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी, सिविल सर्जन, डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, उपाधीक्षक सदर अस्पताल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने उपायुक्त को अवगत कराया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सदर अस्पताल एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में कुल 101 पद वर्तमान में रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि इन रिक्तियों को भरने की दिशा में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा विभिन्न पदों के लिए रोस्टर स्वीकृति एवं नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।


बैठक में यह भी बताया गया कि रिक्त पदों में एएनएम, स्टाफ नर्स, ब्लॉक डाटा मैनेजर, फार्मासिस्ट, न्यूट्रिशनल काउंसलर, एसटीएस, डीएमसी-एलटी सहित विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण कार्यक्रम तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुख बनाया जा सके तथा आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


