आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष कंपू यादव के साथ दुर्व्यवहार का आरोप, डीसी-एसपी को आवेदन
पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दर्ज कराया कड़ा विरोध
गिरिडीह में आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष कंपू यादव ने डीएसपी मुख्यालय और नगर थाना प्रभारी पर दुर्व्यवहार व मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीसी व एसपी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है और एक्शन न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
गिरिडीह: आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष कंपू यादव ने डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीसी और एसपी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कहा कि पार्टी के द्वारा विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। कंपू यादव ने बताया कि दो दिन पूर्व गांधी चौक पर डीएसपी मुख्यालय खड़े थे। वे उन्हें प्रणाम करने के लिए गए थे। इसी दौरान डीएसपी भड़क गए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
इसके बाद उन्हें नगर थाना ले जाया गया जहां अभद्र व्यवहार किया गया और मोबाइल भी छीन लिया गया। आजसू नेता ने इसे सत्ता के नशे में पुलिसिया दादागिरी करार देते हुए कहा कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने डीसी -एसपी से दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। आजसू पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts

Latest News

