Giridih News: धोवारी जंगल में मिला मादा हाथी का शव, पलाश की जड़ों में फंसा था सिर
वन विभाग और पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी
सरिया थाना क्षेत्र के धोवारी जंगल में गुरुवार को एक जंगली मादा हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जंगल से उठ रही दुर्गंध के बाद शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग और पशु चिकित्सा टीम ने जांच शुरू की।
गिरिडीह: सरिया थाना क्षेत्र के धोवारी जंगल में गुरुवार को एक जंगली मादा हाथी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हाथी के शव को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
वन विभाग और पशु चिकित्सा टीम ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो प्रथम दृष्टया (Prima Facie) यह पाया कि जिस जगह पर हाथी की मौत हुई है, उसके दोनों ओर गहरी खाई जैसी स्थिति है। हाथी का सूंड और सिर जंगल में पलाश के पेड़ों की जड़ों के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि गहरी खाई और पलाश की जड़ों के बीच उलझने के कारण दम घुटने या बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने से मादा हाथी की मौत हुई होगी।

इस पूरी घटना को लेकर, जहां एक तरफ ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं वन विभाग के अधिकारी फिलहाल कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे हैं। मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे जाने पर अधिकारियों ने प्रेस को कोई भी आधिकारिक बयान देने से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
