Dumka News: श्रावणी मेले के अंतिम चरण को लेकर उपायुक्त व एसपी ने दिए कड़े निर्देश
अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट
दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अंतिम चरण तथा सोमवारी-मंगलवार को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग की। अधिकारियों ने सुरक्षा, सुगम जलार्पण और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लेते हुए सभी कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
दुमका: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अंतिम सोमवारी एवं मंगलवार को श्रद्धालुओं की संभावित वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम जलार्पण को लेकर तैयारियां कर ली हैं। इसी क्रम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि श्रावणी मेला अब अंतिम चरण में है, लेकिन यही समय सबसे अधिक सतर्क रहने का है। अंतिम सोमवारी एवं मंगलवार को श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि देखने को मिल सकती है। विशेष रूप से डाक बम श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करें। उन्होंने कहा कि ड्यूटी स्थल पर पदाधिकारियों की सजग उपस्थिति और लगातार निगरानी ही भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्रभावी बनाएगी।
उपायुक्त ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखा जाए। यदि श्रद्धालु निकास मार्ग से प्रवेश करने का प्रयास करते हैं तो ऐसी स्थिति को तत्काल नियंत्रित किया जाए तथा निर्धारित मार्ग से ही श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया जाए।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि श्रावणी मेला अंतिम पड़ाव पर जरूर है, लेकिन अभी रिलैक्स होने का समय नहीं है। अंतिम दिन तक पूरी तरह अलर्ट रहकर ड्यूटी करनी है।उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को अपने दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पॉइंट पर विशेष निगरानी रखी जाए। श्रद्धालुओं की भीड़ में असामाजिक तत्व श्रद्धालु के वेश में गलत गतिविधि को अंजाम देने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने अंतिम सोमवारी को देखते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग एवं भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की पुनः जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी चुनौती उत्पन्न कर सकती है, इसलिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहते हुए स्थिति पर नजर रखें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय में आपसी समन्वय बनाए रखें। कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहते हुए ही आवश्यकता के अनुसार निर्णय लें, ताकि किसी भी स्थिति का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सके।
अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ संयमित एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने का निर्देश देते हुए कहा गया कि श्रद्धालुओं को धैर्य एवं संयम के साथ कतारबद्ध होकर जलार्पण के लिए प्रेरित करें। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
ब्रीफिंग के बाद उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में महत्वपूर्ण पॉइंट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा अंतिम सोमवारी एवं मंगलवार को संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला का अंतिम चरण प्रशासन के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है जितना पहला दिन। पिछले तीन सप्ताह से जिस सेवा, समन्वय और सतर्कता के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण कराया गया है, उसी प्रतिबद्धता के साथ बचे दिनों में भी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.










