Dhanbad News: लोको बाजार में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, सड़क जाम
दुर्घटना में शामिल हाइवा को किया गया जब्त, कानूनी प्रक्रिया शुरू
धनबाद के पाथरडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत लोको बाजार में मंगलवार को एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार रंजीत दे (निवासी-कांडरा) की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की। सुदामडीह थाना प्रभारी ने मौके पर पहुँचकर लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घातक हाइवा को जब्त कर लिया है।
धनबाद: झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित लोको बाजार में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांडरा निवासी बाइक सवार रंजीत दे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिंदरी की ओर से आ रही हाइवा संख्या जेएच16ई/3281 ने बाइक संख्या जेएच10एयू/2839 को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार रंजीत दे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

