Deoghar News: श्रावणी मेले में अब तक 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
71 हजार खोए कांवरियों को परिजनों से मिलाया
देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 2026 की समीक्षा बैठक में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि अब तक 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया है। मेले से बाबा मंदिर को 8.23 करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त हुई है।
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर शनिवार को आरएल सर्राफ स्थित अस्थायी मीडिया सेंटर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में साप्ताहिक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त तक कुल 51 लाख 12 हजार 531 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें शीघ्र दर्शनम् कूपन के माध्यम से जलार्पण करने वाले 1 लाख 90 हजार 887 श्रद्धालु भी शामिल हैं।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त तक बाबा मंदिर को विभिन्न स्रोतों से 8 करोड़ 23 लाख 47 हजार 741 रुपये की आय हुई है। वहीं शीघ्र दर्शनम् कूपन से प्राप्त आय का 60 प्रतिशत हिस्सा 6 करोड़ 87 लाख 19 हजार 320 रुपये रहा।
श्रद्धालुओं के खोने और मिलने की व्यवस्था के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने मेला क्षेत्र में 34 सूचना केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों पर 88 हजार 328 खोये-पाये कांवरियों का पंजीकरण किया गया, जिसमें से 71 हजार 198 कांवरियों को उनके परिजनों से मिलाया गया। इसके अलावा केंद्रीय सूचना केंद्र सह अंतरराज्यीय खोया-पाया केंद्र से जरूरतमंद श्रद्धालुओं को सहयोग राशि और टिकट उपलब्ध कराकर उनके गंतव्य तक रवाना किया गया।
श्रद्धालुओं के आवासन के लिए कोठिया में दो टेंट सिटी और बाघमारा में एक टेंट सिटी के अलावा आध्यात्मिक भवन में भी व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में 48 स्नानागार, 323 शौचालय, 16 इंद्रवर्षा, 76 चापाकल और 9 प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए 21 अस्थायी पुलिस ओपी और 13 यातायात ओपी बनाए गए हैं। एटीएस, रैफ, बम डिस्पोजल टीम, डॉग स्क्वायड और क्यूआरटी की टीमें भी तैनात हैं। मंदिर परिसर में कुछ मोबाइल बरामद करने के साथ पॉकेटमारों की गिरफ्तारी भी की गई है।
उपायुक्त ने अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में कांवरियों के आगमन की संभावना जताते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी की जिम्मेदारी है कि बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण के लिए आने वाले श्रद्धालु अच्छी अनुभूति लेकर अपने गंतव्य की ओर लौटें। उन्होंने मेला के सफल संचालन में मीडिया सहित सभी विभागों और आम लोगों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News








