Dumka News: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ में कंट्रोल रूम से की व्यवस्थाओं की निगरानी
सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
राजकीय श्रावणी मेला-2026 के तहत बासुकीनाथ में सावन की तीसरी सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने मेला क्षेत्र व कंट्रोल रूम से विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरों, अर्घा प्रणाली और मुस्तैद सुरक्षाबलों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम जलार्पण कराया।
दुमका: राजकीय श्रावणी मेला-2026, बासुकीनाथ में सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित तरीके से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कराने को लेकर प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
इसी क्रम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की। कंट्रोल रूम से श्रद्धालुओं की भीड़, कतार की स्थिति, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, जलार्पण व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति का अवलोकन किया गया।
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए मेला क्षेत्र, मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं से जुड़ी सभी मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार स्वयं मेला क्षेत्र में उपस्थित रहकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया तथा मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा बासुकीनाथ के दर्शन एवं जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकीनाथ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने निर्धारित कतार एवं अर्घा व्यवस्था के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ का जलार्पण कर रहे हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की आस्था एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित जलार्पण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
तीसरी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों की लगातार निगरानी एवं सक्रियता के साथ मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News








