Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला कोषागार कार्यालय का किया निरीक्षण
सभी लंबित भुगतान और बिलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निपटाने का आदेश
वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन के अवसर पर बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला कोषागार का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित बिलों, खातों के समायोजन और भुगतान की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं और किसी भी समस्या की स्थिति में डीडीसी शताब्दी मजूमदार से तत्काल समन्वय स्थापित किया जाए।
बोकारो: वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन के मद्देनजर उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला कोषागार कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार में संचालित विभिन्न वित्तीय कार्यों, अभिलेखों एवं भुगतान प्रक्रियाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने लंबित बिलों, भुगतान की स्थिति तथा खातों के समायोजन की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी वित्तीय कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर एवं नियमों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, ताकि वित्तीय वर्ष का समापन सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने जिला कोषागार पदाधिकारी गुलाब चंद उरांव को निर्देशित किया कि कार्यों के निष्पादन के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो इसकी जानकारी तत्काल उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को दी जाए। साथ ही, उन्होंने मौके पर उपस्थित उप विकास आयुक्त को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, दस्तावेजों के रख-रखाव एवं कार्य वातावरण का भी अवलोकन किया गया। जिस पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त किया।

