बोकारो में बड़ा खुलासा: एल्यूमिनियम तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
बालीडीह थाना क्षेत्र में लगातार हो रही थी तार चोरी
बोकारो के बालीडीह थाना पुलिस ने एल्यूमिनियम तार चोरी कर विभिन्न क्षेत्रों में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्यूमिनियम तार और एक आल्टो कार जब्त की है।
निर्मल महाराज
बोकारो: बालीडीह थाना पुलिस ने एल्यूमिनियम तार चोरी कर उसे विभिन्न क्षेत्रों में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का नेटवर्क रामगढ़ से लेकर बोकारो तक फैला हुआ बताया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार, सिन्दू कुमार, प्रिंस कुमार तथा प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना है, जो चोरी के तार को कटिंग कर विभिन्न इलाकों में बेचने और खपाने का काम करता था। वहीं, रोहित कुमार को चोरी के माल का खरीददार बताया गया है, जिसका नेटवर्क रामगढ़ तक फैला हुआ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह सुनसान इलाकों और औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर एल्यूमिनियम तार की चोरी करता था। चोरी के बाद तार को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर उसे स्क्रैप के रूप में बेच दिया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। बरामद 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्यूमिनियम तार इसी नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके के लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
