गुरुवार से लोक आस्था का महापर्व छठ, नहाय खाय कल
समृद्ध डेस्क : नहाय खाय के साथ ही कल यानि गुरुवार से सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुरू हो जाएगा। छठ पर्व को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में एक ओर जहां बाजार सज चुके हैं, तो दूसरी ओर हिंदी व भोजपुरी छठ गीतों ने पूरा वातावरण भक्ति और आस्था में तल्लीन होने लगा है। महंगाई के बावजूद बाजारों में भीड़ कम नहीं है और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
छठ को लेकर फलों के दाम जहां आसमान छू रहे हैं, वहीं, बांस का सूप दो सौ रुपया जोड़ा मिल रहा है। बावजूद इसके लोग बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रहे हैं। पर्व के लिए गंगाजल ले जाने तथा व्रती स्नान करने के लिए तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लग रही है।


तालाबों की स्थिति भयावह, मेयर ने लिया जायजा
नगर निगम द्वारा लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद तालाबों व नदियों की हालत दयनीय है। बड़ा तालाब व वहां तक पहुंचने वाले रास्तों में गंदगी का अंबार है। मंगलवार को नगर निगम के प्रशासक मनोज कुमार ने तालाबों का जायजा लिया था। वहीँ बुधवार को मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय नगर निगम के अधिकारियों के साथ तालाबों का जायजा लेने पहुंचे ।
मेयर कांके डैम पहुंची और वहां के पानी को उठाकर देखा। पानी हरा होने के कारण उन्होंने अधिकारियों को फटकार भी लगाई। मेयर ने निर्देश दिया कि पर्याप्त मात्रा में चूना और ब्लीचिंग पाउडर डालें, ताकि पानी से आ रही दुर्गंध खत्म हो सके। उन्होंने इस दौरान सभी छठ घाटों पर खतरे के निशान के पास बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक कहा 24 घंटे के भीतर सभी छठ घाट जाने वाले मार्गों को साफ कर दिया जाए।

Latest News

