हुड़दंगियों पर प्रशासन की होगी पैनी नजर
आसिफ
सरिया(गिरिडीह): शनिवार को सरिया अनुमंडल पदाधिकारी की अगुवाई में रामनवमी पूजा की तैयारी तथा विधि व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक पदाधिकारियों की बैठक अनुमण्डल कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से सरिया अनुमण्डल पदाधिकरी पवन कुमार मंडल और अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार शर्मा मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ श्री मंडल ने किया।

वहीं अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आगामी 19 मार्च को सरिया अनुमंडल सभागार में आयोजित किया जाएगा। बैठक के दौरान एसडीओ ने निर्देश देते हुए कहा कि अनुमंडल स्तरीय शांति समिति सदस्यों को विभाग के द्वारा एक परिचय पत्र और विधि व्यवस्था के लिए तैनात दंडाधिकारी को भी विभाग के द्वारा एक परिचय पत्र निर्गत किया जाएगा। साथ ही उन्हें भी रामनवमी के दौरान शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए सेवा ली जाएगी।
सरिया अनुमंडल के पांच स्थानों को विभाग के द्वारा अति संवेदनशील स्थान के रूप में चिन्हित किया गया है। विभाग के द्वारा उक्त स्थान पर वरीय पदाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त करने व सुरक्षा व्यवस्था के लिए इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस पदाधिकारी को ड्यूटी लगाने पर निर्णय लिया गया।
बैठक में सरिया थाना को अनुमंडल स्तरीय कंट्रोल रूम के रूप में चिन्हित किया गया, जहां पर पर्व के दौरान विधि व्यवस्था को संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा टीयर गैस से लैस वाहनों की व्यवस्था किया गया है। एसडीओ श्री मंडल ने बताया कि इस बार सरिया, बिरनी व बगोदर प्रखंड के अखाड़ों की निगरानी सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन कैमरे की मदद से की जाएगी। ताकि कोई भी लोग अखाड़े के दौरान हुड़दंग मचाने पर प्रशासन के द्वारा उसे तत्काल चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अखाड़े के दौरान विभाग के तय मानक के अनुसार डीजे संचालक डीजे बजाने का काम करेंगे। इसे लेकर थाना प्रभारी को सभी डीजे संचालकों से बांड भरवाने की भी प्रक्रिया करने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व में अनुमंडल कार्यालय के द्वारा 107 के तहत कार्रवाई की जा रही थी उनमें से जिन लोगों का व्यवहार व आचरण में सुधार आया है वैसे लोगों को जांचोपरांत 107 की प्रक्रिया से मुक्त किया जाएगा। वहीं समाज में हुड़दंगी वह असामाजिक तत्व के लोगों को जांचोपरांत वैसे लोगों पर भी 107 की मुकदमे चलाए जाएंगे। ताकि क्षेत्र में विधि व्यवस्था में कोई गड़बड़ी ना हो सके और शांति पूर्वक लोग पर्व का आनंद उठाएं।
बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल दंडाधिकारी राजेश कुमार लिंडा, संदीप कुमार मद्धेशिया, सरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण प्रसाद वर्मा, बिरनी प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक, सरिया अंचलाधिकारी सुनीता कुमारी, बगोदर अंचलाधिकारी भोला महतो, अंचल पुलिस निरीक्षक आर एन चौधरी, सरिया थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान, बगोदर थाना प्रभारी राजीव कुमार, बिरनी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, अबकारी विभाग के ललित सोरेन समेत कई विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल थे।










