रांची के अखबारों की सुर्खियां : मोमेंटम झारखंड की जांच के लिए मांगी अनुमति, मुफ्त बिजली देने की तैयारी, अन्य खबरें
रांची : झारखंड की राजधानी रांची से छपने वाले अखबारों ने आज अपनी अलग-अलग खबरों को पहले पन्ने पर प्रमुखता से जगह दी है. साथ ही दिल्ली विधानसभा सभा चुनाव का मतदान संपन्न होने और उसके बाद आए एग्जिट पोल को प्रमुखता दी है.
प्रभात खबर ने आज लीड खबर को शीर्षक दिया है: एग्जिट पोल में केजरीवाल को फिर से दिल्ली का ताज. अखबार ने लिखा है कि अलग-अलग एग्जिट पोल ने आम आदमी पार्टी को 44 से 68 तक सीटें मिलने का अनुमान है. इस चुनाव में भाजपा दूसरी बड़ी पार्टी बन कर उभरेगी, वहीं कांग्रेस का कोई अता-पता सीटों की संख्या में नजर नहीं आ रहा है. वोट प्रतिशत में भले उसकी हिस्सेदारी हो. अखबार ने लिखा है कि अगर यह एग्जिट पोल सही होगा तो अरविंद केजरीवाल सरकार में आने की हैट्रिक बनाएंगे. वहीं, यह भी लिखा है कि इस बार 61 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछली बार से छह प्रतिशत कम है. क्रिकेट के अंडर 19 विश्वकप का आज फाइनल खेला जाएगा जिसमें भारत रिकार्ड पांचवी बार खिताब जीतने के लिए उतरेगा. पहले पन्ने पर जो सबसे अधिक ध्यान खींचने वाली खबर है, वह यह कि झारखंड एसीबी ने सरकार ने मोमेंटम झारखंड घोटाले की जांच के लिए सरकार से अनुमति मांगी. मोमेंटम झारखंड का आयोजन रघुवर दास के शासन काल में राज्य में निवेश बढाने के लिए किया गया था. एसीबी ने शिकायत की फाइल मंत्रिमंडल निगरानी विभाग को भेज दिया है. शिकायतकर्ता पंकज यादव ने कहा कि बिना मंजूरी के खर्च का बजट बढा कर 100 करोड़ कर दिया गया, जो पहले साढे आठ करोड़ था, फिर वह 16.94 करोड़ किया गया.


हिंदुस्तान ने लीड खबर दी है : सूबे में मुफ्त बिजली की तैयारी. अखबार ने लिखा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद उर्जा विभाग प्रस्ताव बनाने में जुट गया है. दिल्ली की तर्ज पर उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली मिलेगी. इसके तहत 100 यूनिट फ्री बिजली देने का प्रस्ताव है. यह वादा झामुमो के घोेषणा पत्र में शामिल है. राज्य में नए सिरे से बिजली दर भी तय की जाएगी. अखबार ने लिखा है कि 300 यूनिट से अधिक की खपत पर बिजली फ्री नहीं मिलेगी. सरकार के नए प्रस्ताव से सूबे के 30 लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा. अखबार ने यह भी लिखा है कि सरकार बेरोजगारी भत्ता एवं किसान मर्ज माफी जैसे तोहफे भी राज्य की जनता को देगी. वहीं, यह खबर है कि दिल्ली में फिर केजरीवाल सरकार के आसार हैं.
वहीं मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने कहा है कि गैर मजरूआ भूमि से प्रतिबंध जल्द हटेगा, जिसे रघुवर सरकार ने लैंड बैंक में डाल दिया था. उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड अल्पसंख्यक निगम का भी जल्द गठन होगा.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : एग्जिट पोल में फिर आप की सरकार. अखबार ने लिखा है कि दिल्ली में अरविंद के केजरीवाल के फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार में लौटने की संभावना है. अखबार ने लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्रियों को आवास देने पर रोक लग सकती है. अखबार ने लिखा है कि रघुवर दास के आवास के आवेदन पर विभाग की ओर से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया गया है और इससे संबंधित फाइल पर अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही अंतिम निर्णय लेंगे. वहीं, विधायक सरयू नाय ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्रियों को सरकार आवास नहीं दे. रिम्स के कर्मचारियों की लापरवाही से जुड़ी खबर है कि ताला बंद कर घर चले गए कर्मचारी, अंदर दो घंटे तड़पती रही मरीज. ऐसा अल्ट्रासाउंट कराने आयी महिला के साथ हुआ. अखबार ने कैरोना वायरस के खतरे की खबर दी है और लिखा है कि 136 लोग चीन से लौटे हैं, इसमें 41 रांची के हैं.
दैनिक भास्कर के पहले पन्ने पर रविवार होने के कारण विशेष आयोजन है. एक स्टोरी है: देश में 141 प्रतिशत काॅल बढीं, पर दो लाख टावर कम, 53 प्रतिशत लोग काॅल ड्राप से परेशान. विशेषज्ञों का दावा है कि दिन में एक यूजर को कम से कम दो बार काॅल ड्राप की परेशानी का सामना करना पड़ता है. कोरोना वायरस के संदर्भ में दैनिक भास्कर की चीन से ग्राउंड रिपोर्ट है: चीन के आधे डाॅक्टर्स के पास डिग्री नहीं है, नर्सें भी 66 प्रतिशत कम. अखबार ने किस्सों व किताबों की दुनिया में नए ट्रेंड पर एक स्टोरी दी है और उसका शीर्षक दिया है: फोन पर अमिताभ एवं मिशेल ओबामा सुना रहे हैं किस्से, पांच एप पर 10.7 करोड़ यूजर. अखबार ने उन प्रमुख एप के नाम भी दिए हैं, इनमें आॅडिबल, स्टोरीटेल, आवाज डाॅट काॅम, कुकु एमएफ, पाॅकेट एमएफ शामिल हैं. सोलापुर के युवा द्वारा नयी हर्ले डिजाइन करने की खबर भी है.


