Sahibganj News: तिलडांगा-न्यू फरक्का में रेलवे तटबंध धंसा, ट्रैक पर मंडराया खतरा; दर्जनों ट्रेनें रद्द-डायवर्ट
सुरक्षा के मद्देनजर अजीमगंज से खुलने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनें रद्द
पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल में तिलडांगा और न्यू फरक्का स्टेशनों के बीच भारी बारिश के कारण रेलवे तटबंध धंस गया। इससे अप लाइन पर पटरियों के नीचे का बेस कमजोर हो गया और रेल परिचालन पर खतरा उत्पन्न हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर अजीमगंज से खुलने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया, जबकि उत्तर बंगाल, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों को नियंत्रित या डायवर्ट किया गया।
साहिबगंज: पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात तिलडांगा और न्यू फरक्का स्टेशनों के बीच अप लाइन पर रेलवे तटबंध की मिट्टी भारी बारिश के कारण धंस गई। इससे पटरियों के नीचे का बेस कमजोर हो गया और रेल परिचालन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इंजीनियरिंग विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्से में बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।रेलवे के अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि यदि रेलवे की ओर से पहले ही जानकारी दे दी जाती तो टिकट रद्द कराया जा सकता था और अनावश्यक आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता था। सैकड़ों यात्री साहिबगंज, बड़हरवा और तीनपहाड़ स्टेशनों पर रातभर परेशान होते रहे।
वहीं, न्यू फरक्का में चल रहे बहाली कार्य को लेकर पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है। अधिकारी, इंजीनियर और ग्राउंड स्टाफ दिन-रात मौके पर जुटे हुए हैं। प्रभावित रेलखंड को सुरक्षित तरीके से जल्द से जल्द बहाल कर सामान्य परिचालन शुरू करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए उनके धैर्य और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। रेलवे की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ट्रैक के पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही इस रेलखंड पर सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।
Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is dedicated to delivering stories that matter.
Related Posts
Latest News



