Crime News: पुल निर्माण में लगे दो मजदूरों को मारी गोली, रिम्स रेफर; चार खोखे बरामद
सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में देर रात हुई फायरिंग की घटना
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे-39 के निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने दो मजदूरों को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल मजदूरों के अनुसार, अपराधियों ने पहले उनसे माचिस मांगी थी।
पलामू: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में गुरुवार देर रात नेशनल हाईवे (एनएच) पर पुल निर्माण स्थल पर काम कर रहे दो मजदूरों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया।
माचिस मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना रात करीब 11 बजे की है। घायल मजदूरों के मुताबिक, बाइक पर सवार कुछ अपराधी काम कर रहे मजदूरों के पास पहुंचे और उनसे माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।चार खोखे बरामद, पैर और पेट में लगी गोली
घटना के बाद अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। रात करीब एक बजे दोनों घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच लाया गया।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। दोनों मजदूरों के पैर और पेट में गोली लगी है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी
घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है।
एनएच-39 के फोरलेन निर्माण स्थल पर हुई वारदात
दरअसल, सतबरवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 के फोरलेन का कार्य चल रहा है। रजडेरवा में नेशनल हाईवे पर फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है और उसके ऊपर एक अस्थायी कैंप बनाया गया है, जहां मजदूर रहते हैं।
बताया जा रहा है कि देर रात एक बाइक पर दो अपराधी वहां पहुंचे और फायरिंग की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। वारदात के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल है।
राहुल दुबे गैंग के नाम की भी हो रही चर्चा
पुलिस को प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे राहुल दुबे गैंग का हाथ होने की सूचना मिल रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान तथा घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts
Latest News



