जनगणना देश के विकास की आधारशिला : उपायुक्त, नागरिकों से सही जानकारी देने और सहयोग की अपील
रांची के उपायुक्त ने जनगणना 2026 के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना फॉर्म भरकर नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और सही जानकारी देने की अपील की है।
रांची। प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने शुक्रवार को जनगणना 2026 के प्रथम चरण आवास गणना के शुभारंभ पर अपने कार्यालय कक्ष में स्व-गणना का फॉर्म भरकर भागीदारी दर्ज की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश के समग्र विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से प्राप्त सटीक और विश्वसनीय आंकड़े केंद्र और राज्य सरकारों को योजनाओं के प्रभावी निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण एवं अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भजन्त्री ने नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा का भी लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने एसीई डॉट सेंसस डॉट जीओवी डॉट इन वेबसाइट का लिंक शेयर करते हुए कहा कि जो व्यक्ति स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इस लिंक के माध्यम से आसानी से स्व-गणना पूर्ण कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया और अधिक सुगम बनेगी।
अपील की मुख्य बातें
- जनगणना टीम के आने पर पूर्ण सहयोग दें।
- सभी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दें।
- यदि संभव हो तो स्व-गणना का विकल्प चुनें।
प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। रांची जिले में जनगणना की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशिक्षित गणनाकार और पर्यवेक्षक क्षेत्र में सक्रिय हो चुके हैं।
Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and timely reporting. Dedicated to quality journalism, Samridh Media Desk delivers reliable and impactful news coverage that keeps readers informed.
