मजदूर दिवस पर 167 जोड़ों का सामूहिक विवाह, हर नवदंपति को 85 हजार की सहायता; सरकार बोली- श्रमिक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध
अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर अयोध्या में 167 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। सरकार की योजना के तहत प्रत्येक नवदंपति को 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
अयोध्या: अन्तर-राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर उपश्रमायुक्त कार्यालय, खपराडीह कोठी परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 167 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ,जिसमें 164 जोड़ों की हिंदू रीति-रिवाज तथा 3 मुस्लिम जोड़ों का मौलवी ने निकाह कराया।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर वर्चुअल माध्यम से जुड़े और श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवदंपति को 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई,साथ ही विवाह आयोजन के लिए प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये व्यय किया गया।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से निर्माण श्रमिकों के हितार्थ 'कन्या विवाह सहायता योजना' चलाई जा रही है। कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे प्रयास न केवल आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों को सहारा देते हैं, बल्कि उन्हें सम्मान के साथ सामाजिक मुख्यधारा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं। ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में व्याप्त कुरीतियों, दिखावे और अनावश्यक खर्चों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हैं तथा सादगीपूर्ण और संस्कारयुक्त वैवाहिक परंपरा को प्रोत्साहित करते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि यह पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत सराहनीय है। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और परंपरा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। उपश्रमायुक्त अमित मिश्रा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों से बोर्ड में पंजीयन कराने की अपील किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक परिवार उपस्थित रहे।
Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and timely reporting. Dedicated to quality journalism, Samridh Media Desk delivers reliable and impactful news coverage that keeps readers informed.
