आंगनवाड़ी कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी! पीएम मोदी जल्द कर सकते हैं मानदेय बढ़ोतरी का ऐलान : जेपी पांडेय
आंगनवाड़ी, सहायिका और आशा कर्मियों को लाभ मिलने की जताई उम्मीद
आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर चर्चा तेज है। भाजपा नेता जय प्रकाश पांडेय ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटने के बाद इस संबंध में बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
रांची: भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के केंद्रीय महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन के नेतृत्व में 15 राज्यों के प्रतिनिधियों ने 11 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात की थी। इसके बाद केंद्र सरकार आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका महिला कर्मियों के मानदेय में वृद्धि को लेकर तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटते ही मानदेय वृद्धि की घोषणा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। महिला उत्थान और महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार वर्षों से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही आंगनवाड़ी कर्मियों को राहत देने की तैयारी में है। साथ ही, आशा कार्यकर्ताओं की वेतन संबंधी समस्याओं पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।


पांडेय ने दावा किया कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की साझेदारी से मानदेय वृद्धि का लाभ आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और आशा कर्मियों को मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मियों में नई उम्मीद जगी है और सभी को प्रधानमंत्री की घोषणा का इंतजार है। उनका मानना है कि इससे आंगनवाड़ी कर्मियों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर सामाजिक सुरक्षा मिल सकेगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष देवती देवी, रेखा मंडल, प्रयाग यादव सहित लगभग 15 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल थे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


