Giridih News: आकाशीय बिजली गिरने से अधेड़ की मौत, विधायक नागेंद्र महतो पहुंचे अस्पताल
पोस्टमार्टम प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का दिया निर्देश
गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड स्थित लोवाबार गांव में वज्रपात की चपेट में आने से सीताराम मांझी की मौत हो गई। घटना की सूचना पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो सीएचसी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
गिरिडीह: सरिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत परसिया पंचायत के ग्राम लोवाबार निवासी सीताराम मांझी की रविवार शाम आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से आकस्मिक मृत्यु हो गई।
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बगोदर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया।


इस अवसर पर विधायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता राशि अविलंब परिवार को उपलब्ध हो, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
परिजनों को सांत्वना देने और सहायता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के दौरान विधायक के साथ भाजपा नेता जितेंद्र सिंह, सोनू सिंह, रवि सिंह, प्रवीण जायसवाल, रामजी मुर्मू सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


