Jhamshedpur News: बिष्टुपुर में युवती पर गर्म चाय से हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
सत्यम संजीवन ट्रस्ट ने उठाया इलाज का पूरा खर्च उठाने का मुद्दा
जमशेदपुर के बिष्टुपुर में चाय बेचने वाली युवती मेहंदी पर गर्म चाय से हमला किए जाने के विरोध में शनिवार को लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। क्षत्रिय समाज और सत्यम संजीवन ट्रस्ट के नेतृत्व में रैली निकालकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर इलाके में चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाली युवती मेहंदी पर गर्म चाय से हमला किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस घटना के विरोध में शनिवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली और जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
बताया जाता है कि बीते दिनों बिष्टुपुर में कुछ असामाजिक तत्वों ने मेहंदी पर केतली से उबलती हुई चाय फेंक दी थी। इस हमले में युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

शनिवार को निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि शहर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रैली में शामिल लोगों ने मांग की कि इस जघन्य हमले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान सत्यम संजीवन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष कंचन सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कंचन सिंह ने कहा कि मेहंदी बेहद गरीब परिवार से आती है और वह अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली है, ऐसे में उसके इलाज का पूरा खर्च प्रशासन को उठाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शहर में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। ट्रस्ट के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन में कानून का डर कम होता जा रहा है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर कंचन सिंह के अलावा ट्रस्ट से जुड़े अन्य सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, पूरे शहर की नजर अब इस बात पर टिकी है कि पीड़िता को कब न्याय मिलता है और प्रशासन इस घटना पर क्या ठोस कदम उठाता है।
Related Posts
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
