Koderma News : महापौर प्रत्याशी विकास कुमार राणा ने जारी किया जन प्रतिबद्धता पत्र
50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर होगा विकास
महापौर प्रत्याशी विकास कुमार राणा ने हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास हेतु जन प्रतिबद्धता पत्र जारी किया। इसमें महिला सुरक्षा, शुद्ध पेयजल, सड़क निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, उद्यान सौंदर्यीकरण और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देने की घोषणा की गई है।
हजारीबाग : नगर निकाय चुनाव को लेकर महापौर प्रत्याशी विकास कुमार राणा ने अपना “जन प्रतिबद्धता पत्र” जारी करते हुए शहर के समग्र विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा है। उन्होंने इसे पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त और योजनाबद्ध नगर प्रशासन की दिशा में ठोस पहल बताया।
जारी घोषणा पत्र में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहर में सीसीटीवी का अधिष्ठापन एवं जोन आधारित मॉनिटरिंग की व्यवस्था का वादा किया गया है साथ ही फुटपाथ दुकानदारों के लिए समुचित व्यवस्था कर उनकी रोजमर्रा की आजीविका में किसी प्रकार की बाधा न आने देने की बात कही गई है। शहर की नालियों की समुचित सफाई और प्रबंधन, सदर अस्पताल के सामने बहुंजिला इमारत बनाकर पार्किंग जोन तथा फुटपाथ दुकानदारों को दुकान आवंटन की योजना भी प्रमुख बिंदुओं में शामिल है।

“पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त निगम” के लक्ष्य के तहत उन्होंने हजारीबाग को पुनः “हजार बागों का शहर” के रूप में स्थापित करने, सभी उद्यानों के सौंदर्यीकरण एवं फव्वारा युक्त लाइटिंग की व्यवस्था, हजारीबाग झील तथा अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार, प्रत्येक वार्ड में बिजली की अंडरग्राउंड केबलिंग और सोलर लाइट अधिष्ठापन का संकल्प दोहराया।
इसके अलावा निगम क्षेत्र के प्रत्येक घर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा प्राथमिकता के आधार पर सड़कों एवं जर्जर गलियों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की घोषणा भी की गई है।
विकास कुमार राणा ने कहा कि यह घोषणा पत्र केवल वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि हजारीबाग के उज्ज्वल भविष्य की कार्ययोजना है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र की जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास ही उनकी प्राथमिकता होगी। इस मौके पर झामुमो नेता मनोज चंद्रा, सतीश नारायण दास, राजीव वर्मा, राजदेव यादव, श्वेता दुबे समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।
