Hazaribagh News: पुलिस का मिडनाइट एक्शन: 39 टीमों ने 119 ठिकानों पर की छापेमारी, मनचलों में हड़कंप
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देर रात चला विशेष अभियान
हजारीबाग एसपी के निर्देश पर 39 पुलिस टीमों ने जिले के 119 ठिकानों पर छापेमारी कर 51 मनचलों को हिरासत में लिया। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी को रोकना और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी एवं मनचले तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान दिनांक 06/07 मई 2026 की रात्रि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।
हजारीबाग पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष छापामारी अभियान का नेतृत्व जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षकों ने किया। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों की उपस्थिति में कुल 39 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में कुल 176 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बताया गया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके इलाके में किसी प्रकार की अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधि अथवा मनचले व्यक्तियों की सूचना हो तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा उसका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
