Hazaribagh News: राजस्व, भू-अर्जन, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एनटीपीसी से संबंधित कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा
ट्रांसमिशन लाइन विस्तार हेतु एनओसी की बाधाएं होंगी दूर
हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने भू-अर्जन और राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए म्यूटेशन में देरी पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने एनटीपीसी को बिरहोरों के आवास मरम्मत और अंचलाधिकारियों को समय पर कोर्ट संचालन का कड़ा निर्देश दिया है।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में राजस्व, भू-अर्जन, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएचएआई), कोल कंपनियों एवं एनटीपीसी से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने हजारीबाग जिले अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लगभग 60 किलोमीटर लंबाई के प्रस्तावित निर्माण कार्य एवं भू-अर्जन से संबंधित मुआवजा भुगतान की स्थिति की जानकारी ली।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने अवगत कराया कि भारतमाला परियोजना के पैकेज 10 एवं 11 के अंतर्गत सभी अधिग्रहित भू-स्वामियों को मुआवजा का भुगतान किया जा चुका है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित भूमि का म्यूटेशन समयबद्ध तरीके से अनिवार्य रूप से किया जाए।

राजस्व विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने उच्च न्यायालय में लंबित मामलों की प्रखंडवार समीक्षा करने तथा निर्धारित तिथि से पूर्व काउंटर एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश दिया। सभी अंचलाधिकारियों को 20 तारीख तक संबंधित मामलों की प्रतिवेदन विधि शाखा को उपलब्ध कराने को कहा गया। उपायुक्त ने भूमि हस्तांतरण से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेने की आवश्यकता पर बल देते हुए झारखंड ऊर्जा संचार निगम से संबंधित भूमि मामलों का निस्तारण 5 जून तक सुनिश्चित करने का निर्देश अपर समाहर्ता को दिया।
म्यूटेशन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों की संख्या कार्य में लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना उचित कारण के म्यूटेशन आवेदन अस्वीकृत न किए जाएं। सभी अंचलाधिकारी नियमित रूप से कोर्ट संचालन सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को अंचल कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
