Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने कंडसार के बिरहोर टोला का किया संवेदनशीलता के साथ निरीक्षण
सीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विस्तृत निरीक्षण
हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने कटकमसांडी के कंडसार स्थित बिरहोर टोला का भ्रमण कर समस्याओं का जायजा लिया और उनके समाधान हेतु अगस्त में विशेष बहुउद्देशीय शिविर लगाने के निर्देश दिए।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने गुरुवार को कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत बिरहोर टोला, कंडसार का संवेदनशीलता के साथ व्यापक भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरहोर समुदाय के बीच पहुंचकर उनकी जीवन स्थितियों का प्रत्यक्ष जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नव प्राथमिक विद्यालय, बिरहोर टंडा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कंडसार का भी विस्तृत निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने बिरहोर टोला में चापाकलों की स्थिति, कच्चे मकानों से वर्षा के दौरान हो रहे जल रिसाव, विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे बिरहोर टंडा का पैदल भ्रमण करते हुए समुदाय के लोगों के घरों में जाकर उनकी समस्याओं को सुना और वास्तविक परिस्थितियों का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान कई घरों में छत से पानी रिसने की समस्या सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।


इसके पश्चात उपायुक्त ने नव प्राथमिक विद्यालय, बिरहोर टंडा, कंडसार का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने बच्चों से सामान्य प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की क्षमता का परीक्षण किया।
विद्यालय में कई बच्चों को बिना ड्रेस के देखकर उन्होंने शिक्षक को बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा खेल-खेल के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विद्यालय कार्यालय में उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए उन्होंने बच्चों के लिए उपलब्ध शिक्षण सामग्री केवल कार्यालय में सुरक्षित रखने के बजाय उसका नियमित रूप से कक्षा शिक्षण में उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कंडसार एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कंडसार का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, उपचार सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, एक्स-रे कक्ष, लैब, नेत्र एवं दंत चिकित्सा इकाई का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
साथ ही ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य विशेष रूप से दूरस्थ एवं वंचित समुदायों तक शासन की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिरहोर समुदाय की प्रत्येक समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


