सरिया में होली को लेकर सख्ती, अश्लील गानों और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
बीडीओ ललित नारायण तिवारी ने दिए स्पष्ट निर्देश
सरिया थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में आगामी होली पर्व को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए। बीडीओ ललित नारायण तिवारी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान अश्लील गानों और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सरिया: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने के उद्देश्य से सरिया थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी ने की, जबकि संचालन इंस्पेक्टर अजय कुमार ने किया।
बैठक में ललित नारायण तिवारी ने स्पष्ट रूप से घोषणा की कि इस बार होली के दौरान अश्लील गानों और डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, हुड़दंग मचाने या अशांति पैदा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह, सीओ संतोष कुमार, एसआई योगेश कुमार, सरिया नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शोभा देवी, उनके पति फागू पंडित, मुरलीमनोहर मंडल, जिप सदस्य अनूप कुमार पांडे, सांसद प्रतिनिधि विनोद कुमार यादव, मोहम्मद इकबाल, संजय मोदी, विक्की जैन, विनोद ठाकुर, देबू वर्मा, उमेश सोनी, कांठेकाल पांडे, कृष्णमुरारी पांडेय, जसीमुद्दीन अंसारी सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से इस बार सरिया में होली का उत्सव सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न होने की उम्मीद जताई गई।
