विधायक कल्पना सोरेन और डीसी रामनिवास यादव ने नशामुक्त अभियान के तीन वाहनों को दिखाई हरी झंडी
स्कूल-कॉलेजों में आयोजित होंगी कई तरह की रचनात्मक प्रतियोगिताएं
गिरिडीह के गांडेय प्रखंड से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और उपायुक्त रामनिवास यादव ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु तीन जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन 26 जून 2026 तक पूरे जिले का भ्रमण कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करेंगे।
गिरिडीह: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत गांडेय प्रखंड से तीन प्रचार वाहनों को विधायक, गांडेय विधानसभा क्षेत्र, कल्पना मुर्मू सोरेन, उपायुक्त, रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार एवं उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन 15 जून से 26 जून 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देंगे।
इस अवसर पर विधायक, कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इसके खिलाफ केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित यह अभियान लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। प्रचार वाहन निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी देंगे।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर क्विज, निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता, बाजार-हाटों में जन जागरूकता कार्यक्रम तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की नशा संबंधी समस्या या परामर्श के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री ड्रग डी-एडिक्शन हेल्पलाइन नंबर 14446 का उपयोग करें।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


