जंतर-मंतर में प्रदर्शन स्थल के पास दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर पर हमला, आई-कार्ड और सोने की चेन छीनी
घायल अधिकारी का आरएमएल अस्पताल में इलाज
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह पर कथित रूप से हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, ड्यूटी प्वाइंट की ओर जाते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गए।
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। इस हमले में इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह इस समय एसपीयूडब्ल्यूएसी, नानकपुरा में तैनात हैं। कल रात उनकी ड्यूटी जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन स्थल पर लगाई गई थी। वह अपनी गाड़ी पार्क करने के बाद पैदल ड्यूटी प्वाइंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवियों ने उन्हें घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।
हमले में इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनका दिल्ली पुलिस का आधिकारिक पहचान पत्र (आई-कार्ड) और सोने की चेन भी छीन ली। आसपास मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बाहर निकाला और तुरंत आरएमएल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन स्थल और आसपास के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारी पर हमला, लूट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। वहीं, घायल इंस्पेक्टर नंद किशोर सिंह से वरिष्ठ अधिकारियों ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


