Chaibasa News: घर के अंदर बैठे थे चाचा-भतीजे, अचानक दीवार गिरी और चली गई जान
हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा नूरदा गांव में हुआ दर्दनाक हादसा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा नूरदा गांव में लगातार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुवार शाम कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय घर के अंदर बैठे चाचा-भतीजे मलबे में दब गए।
पश्चिमी सिंहभूम: जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। छोटा नूरदा गांव में बारिश के कारण एक कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
घर के अंदर बैठे थे दोनों, अचानक भरभराकर गिरी दीवार
मृतकों की पहचान छोटा नूरदा गांव निवासी सरजोम पिंगुवा (37) और उनके भतीजे डोबराज पिंगुवा (33) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम दोनों घर के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवार में नमी बढ़ गई थी और वह पहले से ही जर्जर हालत में थी।
ग्रामीणों ने मलबा हटाकर निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts


Latest News








