Bokaro News: करगली कार्मेल स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, 117 विद्यार्थियों को मिली ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया कार्यक्रम का आगाज़
बोकारो के गोमिया प्रखंड स्थित करगली कार्मेल स्कूल में वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेरमो इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 117 मेधावी छात्रों और शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले 57 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान 'स्वच्छ भारत आर्ट कॉम्पिटिशन' के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
गोमिया: जिला के गोमिया प्रखंड अंतर्गत करगली कार्मल स्कूल विद्यालय में 12 मई को शैक्षणिक गति विधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोहित कुमार सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर, बेरमो, तथा विशिष्ट अतिथि डॉ के पी शाही (सी.एम.ओ, बी एंड के एरिया सीसीएल), सिस्टर प्रेमलता (प्रिंसिपल कार्मेल स्कूल बी.टी.पी.एस), सिस्टर सीबी (प्रिंसिपल लोयोला इंग्लिश मीडियम स्कूल गोमिया) एवं सिस्टर शेरिन जोसेफ (प्रिंसिपल कार्मेल स्कूल करगली) द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन कर एवं बच्चों के द्वारा प्रेयर डांस के साथ किया गया।
समारोह में कक्षा नर्सरी से इलेवन तक के मेधावी विद्यार्थियों जिन्होंने कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया ऐसे 117 विद्यार्थियों, तथा परफेक्ट अटेंडेंस वाले 57 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही साथ स्वच्छ भारत आर्ट कॉम्पिटिशन में नेशनल अवार्ड प्राप्त करने वाली कक्षा आठवीं की छात्रा आर्य सिंह एवं 18 स्टेट लेवल विनर्स को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिंह ने बच्चों को सफलता एवं अनुशासन के मंत्र सिखाए और साथ ही साथ अच्छे नागरिक बनने और यातायात सुरक्षा के सुझाव साझा किए।
