Bokaro News: सेक्टर-6 की झाड़ियों में भारी मात्रा में मिले एटीएम, वोटर आईडी और आधार कार्ड
कार्डों के असली या नकली होने के साथ मालिकों का पता लगाएगी पुलिस
बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में झाड़ियों से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, वोटर आईडी और आधार कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी बड़ी घटना या साइबर अपराध को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने सबूत छिपाने के लिए इन्हें यहाँ फेंका होगा। पुलिस ने सभी कार्डों को जब्त कर लिया है और अब संबंधित विभागों की मदद से उनके सत्यापन और मालिकों की पहचान करने में जुटी है।
बोकारो: सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के पास स्थित झाड़ियों में बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, वोटर आईडी और आधार कार्ड मिलने से इलाके में हलचल मच गई है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने अपने सबूत मिटाने के लिए सुनसान जगह का सहारा लिया हो। राहगीरों की नजर जब झाड़ियों में बिखरे इन कार्डों पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के कार्ड बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर थाना लाया गया।
पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि बरामद कार्ड असली हैं या नकली। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि ये कार्ड किन लोगों के हैं और इन्हें यहां फेंकने के पीछे क्या मकसद था। जांच में साइबर अपराध या किसी संगठित गतिविधि की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में सतर्कता बरतते हुए कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है। संबंधित विभागों की मदद से कार्डों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
