Bokaro News: कुड़पनिया कबीर गौशाला में गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने पर महामंथन
पंचगव्य और जैविक कृषि से सुदृढ़ होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
बेरमो के नावाडीह प्रखंड स्थित कुड़पनिया कबीर गौशाला में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत त्रि-जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें मुख्य वक्ता साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती ने गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने और देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए कड़े राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग की।
बेरमो: गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर चल रहे 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत बुधवार की रात नावाडीह प्रखंड के खरपिटो पंचायत स्थित कुड़पनिया कबीर गौशाला प्रांगण में संभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बोकारो, गिरिडीह और धनबाद जिले के सैकड़ों गौभक्त, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता एकजुट हुए।
साध्वी ने गौसेवा को राष्ट्रधर्म बताया: कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध गौ कथा वाचक साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी ने कहा कि "गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है। यह हमारे राष्ट्र की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण की आधारशिला है। गोबर, गोमूत्र और पंचगव्य से बनी जैविक खेती ही किसानों को कर्ज के जाल से मुक्त कर सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की कि पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और गौवंश संरक्षण के लिए कठोर राष्ट्रीय कानून बनाया जाए।


Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


