टोरी रेलवे साइडिंग में उग्रवादियों ने मचाया उत्पात
On
लातेहार: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी रेलवे साइडिंग में गुरुवार की देर रात उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद् के दस्ते ने जमकर उत्पात मचाया। साइडिंग परिसर में खड़े 16 वाहनों को आग के हवाले कर दिया और साथ ही मौजूद 6 लोगों की पिटाई की और उनका मोबाइल भी लूट लिया। इस पूरे घटना में करोड़ों के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस को देखते ही उग्रवादी गोली चलाने लगे। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई कर गोली चलाना शुरु किया। डेढ़ घंटे तक दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। इसके बाद उग्रवादी जंगलों का लाभ उठाकर भाग निकले। साइडिंग परिसर में गोलीबारी और आगजनी की घटना के बाद वहां कार्य स्थल पर मौजूद लोग सहम गए।
जानकारी के अनुसार 15 की संख्या में हथियारों से लैस होकर उग्रवादी पूर्व दिशा से साइडिंग में प्रवेश कर गए। साइडिंग परिसर में आते उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। चालक अपने वाहन को छोड़कर भागने लगे। इसके बाद उग्रवादियों की एक टीम वाहनों में तेल डालकर आग लगाना शुरू की। दूसरी टीम में कार्य कर रहे लोगों को एक जगह एकत्र कर राइफल के कुंदे से पीटकर घायल कर दिया। साथ ही उनका मोबाइल फोन और टॉर्च भी लूट लिया। घटनास्थल के समीप उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद् ने हस्तलिखित पर्चा छोड़कर घटना की जिम्मेवारी ली है। पर्चा में संगठन के लवलेश के द्वारा कहा गया है कि घटना को लेवी नहीं दिए जाने के कारण अंजाम दिया गया है।
[URIS id=9499]
उग्रवादी संगठन जेजीएमपी ने टोरी व बिराटोली कोल साइडिंग में बिना इजाजत के कम नहीं करने की धमकी दी है। आदेश का उल्लंघन कर काम करने पर फौजी कार्रवाई की धमकी भी दी गई है। पोस्टर में दोनों को साइडिंग में ट्रांसपोर्टिंग का कम बंद करने को कहा है। घटना के बाद मामले को लेकर लातेहार जिले के समीपवर्ती चतरा, लोहरदगा और रांची जिले के सीमांत इलाके में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। तीनों जिले से होकर गुजरने वाले मार्ग को सील कर पुलिस सघन तलाशी अभियान चला रही है।
उग्रवादियों की ओर से टोरी साइडिंग परिसर में गोलीबारी किए जाने के बाद जिला मुख्यालय लातेहार समेत आसपास के थाना क्षेत्र से भी फोर्स मंगाई गई है। साथ ही इलाके में ग्रामीण पथों को जोड़ने वाले मार्ग की नाकेबंदी कर दी गई है। इसके अलावा पुलिस की एक टीम मुख्य पथ में लगातार गश्त कर हर आने जाने वाले पर नजर बनाए हुए है। साइडिंग परिसर में उग्रवादियों की ओर से फायरिंग और आगजनी की घटना के बाद से कार्य बंद हो गया है। साथ ही कोयला लोडिंग के लिए आई मालगाड़ी में लोडिंग का कार्य ठप हो गया और मालगाड़ी को खींचने वाले डीजल रेल इंजन को चालकों ने एहतियात के तौर पर बंद कर दिया। काम बंद होने से व्यवसायियों के साथ-साथ सरकार को भी करोड़ों के राजस्व का नुकसान बताया जा रहा है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News








