आफत की बारिश, लोग घरों में कैद
On
रांची: चार दिनों से लगातार हो रही बारिश अब आफत बन कर बरस रही है। कच्चे मकान तो जमींदोज हो ही रहे हैं, लोग घरों में पानी भर जाने से कैद होकर रह गए हैं। राजधानी सहित राज्य के कई जिलों में लोग जागकर रात बिता रहे हैं, बारिश से नगर समेत ग्रामीण इलाकों में जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सड़कें कीचड़ से सनी पड़ी हैं। कुछ देर के लिए बारिश छूटने के बाद जनजीवन हल्का सहज होता दिख रहा है। शुक्रवार को देर रात से ही जारी बारिश शनिवार सुबह कुछ देर के लिए थमी, लेकिन उसके बाद रुक- रुक कर हल्की बारिश का होना जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आज और कल मुसलाधारा बारिश हो सकती है।
मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि एक अक्टूबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक मानते हैं कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बंगाल की खाड़ी के उत्तर व आसपास के क्षेत्रों में आज भर निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है, जबकि 48 घंटों के अंदर यह सिस्टम अत्यधिक प्रभावी होगा। इसके अलावा दक्षिण- पश्चिम उत्तर प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों में समुद्रतल से ऊपर 1.5 व 3.6 किमी के बीच साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। ऐसे में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
29 सितंबर को राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। बारिश के कारण कारण स्कूल कॉलेज के छात्र छात्राओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई लोगों के कच्चे मकान ढह गये हैं। कई मुहल्लों व बस्तियों में नाले का पानी सड़क पर एक से दो फीट तक बह रहा है, ऐसे बस्तियों व गलियों में हिंदपीढ़ी आजाद बस्ती रातू रोड कर्बला टैंक रोड इस्लाम नगर कांटाटोली गढ़ाटोली बसड़ टोली अंजुमन कॉलोनी सहित कई जगहों के नाम शामिल हैं। पहले से बंद व बजबजाती नालियों का कीचड़ बाहर आने से सड़कों के हालात नारकीय हैं। बारिश से बाजार, स्कूल व अस्पताल सहित कारोबार प्रभावित हो रहा है।
चतरा में बारिश ने तबाही मचाई है व यहां सौ गांव का संपर्क टूट गया है। कान्हाचट्टी प्रखंड में बड़की नदी पर बना पुल ध्वस्त हो गया है। कुंदा को पांकी से जोड़ने वाल पुल भी ध्वस्त हो गया है, जिसके लेकर आवागमन ठप्प हो गया है। कई घर धवस्त हो चुके हैं। हजारीबाग में भी लोग बारिश से बेहाल हैं। सुरेश कॉलोनी, धीरेन पुरी, आनंदपुरी, मतवारी, दीपू गढ़ा समेत कई मोहल्लों में शुक्रवार रात से ही बिजली गायब है व बारिश के कारण फीडर में खराबी आ गई है। धनबाद, पलामू, देवघर, गिरिडीह, रामगढ़ में बारिश ने तबाही मचा रखी है, करीब आधा दर्जन से अधिक पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
पेड़ गिरने से बिरनी में रांची- देवघर मार्ग दो घंटे तक जाम रहा। बिरनी, गांडेय एवं राजधनवार में एक दर्जन से अधिक मिट्टी के घर धंस गए। बराकर एवं उसरी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। राजधनवार का पहाड़पुर पल धंसने से दर्जनों गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है। राज्यभर के डैमों में पानी खतरे के निशान से उपर बह रहा है। कोडरमा, झुमरीतिलैया, डोमचांच सहित कई जगहों पर दर्जन भर से ज्यादा कच्चे मकान गिरने की सूचना है। जयनगर के अख्तो नदी की तेज धार में एक युवक बह गया और डोमचांच में करीब 5 करोड़ की लागत से बना पुल बीच में धंस गया है। नदियां उफान पर हैं, तो सड़कों, पुल, पुलिया के ऊपर से पानी गुजर रहा है। एकाध स्थान पर मोटरसाइकिल सवार व कुछ जगहों पर जानवरों के बहने की खबरें हैं। कोडरमा- गिरिडीह रेलखंड के 18.1 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर पटरी के पास जमीन धंस जाने से रेल यातायात प्रभावित है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







