रांची के अखबार : भूमि पूजन को लेकर अयोध्या में उल्लास, भारत ने चीन सीमा पर टी – 90 टैंक तैनात किया, अन्य खबरें
रांची : प्रभात खबर ने मंगलवार, चार अगस्त को लीड खबर अयोध्या में राम जन्मभूमि पूजन को लेकर चल रही गतिविधियों को बनाया है. अखबार ने इसका शीर्षक दिया है: अयोध्या में छाया उल्लास. अखबार ने लिखा है कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों का जायजा लिया. राम-सीता की कुलदेवी की पूजा के साथ अनुष्ठान आरंभ हो गया है. आज हनुमानगढी में पूजा होगी और कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूमि पूजन करेंगे.
अखबार ने रांची के हटिया इलाके से एक खबर है: एएसआइ हत्याकांड में पुलिस ने पांच को पकड़ा, ग्रामीणों ने ओपी घेरा. यह मामला पिछले दिनों तुपुदाना के एएसआइ कामेश्वर रविदास की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से संबंधित है. पुलिस ने अजीत तिर्की के यहां खून लगा हुआ टीशर्ट बरामद किया है.


अखबार ने एक खबर दी है कि 637 सहायक अभियंताओं की नियुक्ति राज्य में नहीं हो पा रही है. ऐसा क्वालीफाइंग मार्क तय नहीं होने की वजह से हो रहा है. इससे प्रतिभागियों का भविष्य अधर में लटक गया है.
कोरोना के मामलों पर अखबार की टाॅप बाॅक्स स्टोरी है: स्पेशल ड्राइव में 46, 634 सैंपलों की जांच, मिले 2394 कोरोना पाॅजिटिव. रविवार को झारखंड में 751 नए कोरोना संक्रमित मिले और पांच संक्रमितों की मौत हो गयी.
अखबार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उस ट्वीट को संक्षेप में पहले पन्ने पर जगह दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि झारखंड में भी नौ अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाएगा. सरकार से बड़ी संख्या में लोग इस दिन को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे हैं, जिसको लागू किए जाने का इस ट्वीट में पूर्व संकेत है.
हिंदुस्तान ने भी लीड खबर अयोध्या पर दी है, जिसका शीर्षक है: अयोध्या में शुरू हुआ भूमि पूजन अनुष्ठान. अखबार ने यह खबर भी दी है कि आक्सफोर्ड के कोरोना टीके के दूसरे व तीसरे चरण का परीक्षण भारत में होगा, इसके लिए सरकार की ओर से मंजूरी मिल गयी. इस टीके का निर्माण सीरम इंस्टीट्यूट कर कर रहा है. सुशांत मौत मामले की जांच करने पहुंचे बिहार के आइपीएल अधिकारी को क्वारंटाइन किए जाने पर विवाद उत्पन्न हो गया है.
अखबार ने एक खबर दी है कि भारत ने लद्दाख के मोर्चे पर टी – 90 टैंक लगा दिया है. चीन द्वारा दौलत बेग ओल्डी और देपसांग में 17 हजार सैनिकों को तैनात किए जाने के बाद भारत की ओर से यह कदम उठाया गया है.
अखबार ने एक खबर दी है कि 131 दिनों के बाद श्रावणी पूर्णिमा के दिन बाबा मंदिर, देवघर के पट खुले. ऐसा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हुआ. 100 लोगों को दर्शन की अनुमति मिली थी और 310 लोगों ने दर्शन किया. एक खबर है डाॅ इंद्रनील बीआइटी मेसरा के वीसी बने.
अखबार ने खबर दी है कि सूबे में तीन दिन चले कोरोना जांच महाअभियान में खतरे के संकेत नहीं मिले. 47531 सैंपल लिए गए, इनमें 22 हजार 527 नमूनों की एंटीजेन के माध्यम से जांच की गयी, जिसमें 819 संक्र्रमित मिले. रांची में 130 नए संक्रमित मिलने का भी अखबार ने उल्लेख किया है.
Related Posts

Latest News

