रांची के अखबारों की सुर्खियां : दिनेश गोप की दोनों पत्नियों को NIA ने किया गिरफ्तार, चाईबासा नरसंहार पर खुलासा, अन्य खबरें
रांची : रांची से छपने वाले प्रमुख अखबारों ने आज अलग-अलग खबरों को प्रमुखता से छापा है. प्रभात खबर ने दिल्ली के जामिया इलाके में एक सिरफिरे द्वारा की गयी गोलीबारी को प्रमुखता दिया है तो हिंदुस्तान ने कोरोना वायरस को. दैनिक जागरण ने बेरोजगारी भत्ता से संबंधित खबर को वरीयता दी है.


हिंदुस्तान ने लीड खबर कोरोना वायरस के देश में पहले मरीज के मिलने को बनाया है. इसका शीर्षक दिया है: केरल में कोरोना का पहला मरीज मिला, रांची में संदिग्ध. रांची में जिस छात्र की स्थिति संदिग्ध मानी जा रही है, वह शंघाई से हांगकांग होते हुए रांची पहुंचा है. वहीं, जामिया की घटना का शीर्षक है: जामिया में सिरफिरे की फायरिंग से सनसनी. एक खबर है कि झारखंड में बेरोजगारों को प्रोत्साहन राशि देने की तैयारी की जा रही है. सीएम हेमंत सोरेन ने इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री का यह निर्देश उनके चुनावी घोषणा पत्र को जमीन पर उतारने की कोशिशों के तहत है. उधर, संसद के बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार हर मुद्दे पर विपक्ष से चर्चा को तैयार है. बैंकों के आज से तीन दिन बंद रहने की खबर भी है.
एक महत्वपूर्ण खबर है कि लोहरदगा में हालात सुधरे हैं और आज से सभी सरकारी दफ्तर खुल जाएंगे.
दैनिक जागरण ने लीड खबर को शीर्षक दिया है : बेरोजगारी भत्ता देने की दिशा में राज्य सरकार ने बढाए कदम. इस संबंध में बजट में प्रावधान हो सकता है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियोजनालयों को सक्रिय करने का निर्देश दिया है. जो नियोजनालय जर्जर भवन में चल रहे हैं वे दूसरी जगह शिफ्ट किए जाएंगे. मुरी की एक खबर है कि यार्ड के नीचे काम कर रहे दो रेल कर्मी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे. वे जब काम कर रहे थे उसी समय यार्ड मास्टर ने लापरवाही से ट्रेन चलवा दी. इस अखबार की सबसे अहम खबर है कि उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के चीफ दिनेश गोप की दोनों पत्नियों हीरा देवी व शकुंतला कुमारी को एनआइए ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ लेवी-रंगदारी के रुपये का शेल कंपनियों में निवेश की पुष्टि हुई है. इनके कोलकाता आवास की तलाशी ली गयी जहां अहम दस्तावेज मिले.


