नोवेल कोरोना वायरस को लेकर राज्य सतर्क: डॉ डीके तिवारी
रांची: मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी ने कहा कि नोवेल कोरोना वायरस को लेकर राज्य सतर्क है तथा कई एहतियाती महत्वपूर्ण कदम भी उठाए गए हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य में कोरोना वायरस से पीड़ित अभी तक कोई भी व्यक्ति नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम तथा जिला सर्विलेंस इकाई के द्वारा चीन से आए छह यात्रियों (रांची के तीन तथा जमशेदपुर के तीन) की प्रतिदिन सतत निगरानी की जा रही है। लैब में जांच के बाद किसी में भी कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
मुख्य सचिव केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए झारखंड में कोरोना वायरस को लेकर उठाए गए एहतियाती कदम से अवगत करा रहे थे। केंद्रीय कैबिनेट सचिव देश के सभी मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वायरस को लेकर राज्यों की तैयारी का जायजा लिये। उन्होंने कतिपय एहतियाती कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उसके आलोक में झारखंड के सभी उपायुक्तों को एडवाइजरी जारी कर दी गई।


कोरोना वायरस को लेकर एहतियाती कदम उठाते हुए रिम्स के सभी चिकित्सकों को कार्यशाला कर जागरूक किया जा चुका है। वहीं सर्विलांस इकाई द्वारा भी कार्यशाला कर तमाम दूसरे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक करने की प्रक्रिया जारी है। सभी जिलों के जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा भी आम लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभी तक राज्य के अस्पतालों में कुल 102 आइसोलेशन बेड का चिह्नित किया जा चुका है। कोरोना वायरस से बचाव और एहतियाती कदम को लेकर आम जनों में जागरूकता को व्यवहार में लाने की अपील खुद मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन भी कर चुके हैं।


