जेपीएससी अभ्यर्थियों पर बल प्रयोग के खिलाफ आजसू पार्टी ने किया शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक विरोध
घायल अभ्यर्थियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान जेपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन प्रयोग को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जयपाल सिंह स्टेडियम में घायल छात्रों से मुलाकात की और महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना देकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलनरत JPSC अभ्यर्थियों एवं छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, वाटर कैनन के प्रयोग तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि संवाद की मेज पर संवेदना और सड़क पर दमन—सरकार का यह दोहरा चरित्र अब पूरी तरह उजागर हो चुका है।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार ने छात्रों से संवाद के लिए तीन मंत्रियों को नामित किया था। मुख्यमंत्री ने भी युवाओं की भावनाओं के साथ खड़े होने और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। इससे यह अपेक्षा बनी थी कि सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से समझने का प्रयास कर रही है। किंतु विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन, कंटीले तारों की बैरिकेडिंग और अंधाधुंध बल प्रयोग ने सरकार के संवाद के पीछे छिपे वास्तविक रवैये को उजागर कर दिया।

उन्होंने कहा कि छात्रों से मुलाकात के उपरांत महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठकर आजसू पार्टी ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सरकार की दमनात्मक कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया। गांधीवादी मूल्यों की धरती पर युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि युवा अपने भविष्य से जुड़े प्रश्न पूछ रहे हैं, वे कोई अपराध नहीं कर रहे। वे न्याय, रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, न कि किसी प्रकार का टकराव।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि लाठी के बल पर आवाज को दबाने का प्रयास न किया जाए। झारखंड के युवाओं की आवाज जितनी दबाई जाएगी, उतनी ही मजबूती से वह और अधिक सशक्त होकर उभरेगी। सरकार को दमन का मार्ग छोड़कर संवाद और समाधान का मार्ग अपनाना चाहिए।
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी इस संघर्ष में छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। यह लड़ाई केवल छात्रों की नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं और राज्य के भविष्य की लड़ाई है।
आजसू पार्टी की मांग है कि सरकार घायल छात्रों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे तथा छात्रों की न्यायोचित मांगों पर तत्काल गंभीर एवं सार्थक संवाद कर समाधान निकाले।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय प्रमुख प्रवक्ता देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह , केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, सल्लू खान, सूरज मिश्रा,बबीता कुमारी, वीणा देवी, ओम वर्मा बाबलू महतो ऋतुराज शाहदेव, राजेश सिंह, सक्षम झा, अमन साहू, राज दुबे, मुकेश यादव, योगेश रवि, रौशन मदन, सहित अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







