JPSC Protest: JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का दूसरा चरण 24 अगस्त से शुरू
पूर्णतः संवैधानिक और शांतिपूर्ण रहेगा अभियान
छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में JPSC और JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता व निष्पक्षता की मांग को लेकर 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' के दूसरे चरण की शुरुआत रामगढ़ के नेमरा से की जा रही है। 24 जिलों तक पहुंचने वाली यह यात्रा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू होगी और इसमें अभ्यर्थियों की कानूनी सहायता के लिए लीगल टीम भी साथ रहेगी।
रांची: झारखंड छात्र आंदोलन के प्रमुख छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने जानकारी दिया कि JPSC-JSSC में पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर चल रहे “JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान” के महत्वपूर्ण दूसरे चरण की शुरुआत कल, दिनांक 24 अगस्त 2026, सोमवार से रामगढ़ जिला के नेमरा स्थित लुकैया टांड़, दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के पैतृक गांव से की जाएगी।
इस यात्रा का शुभारंभ झारखंड की पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज एवं परंपरा के अनुसार किया जाएगा। कार्यक्रम में सम्मानित वरिष्ठ पाहन की उपस्थिति में पारंपरिक विधि-विधान के साथ मांदर की धुन पर राष्ट्रगान होगा तथा सखुआ (साल) के पौधे का रोपण कर भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। यह शुभारंभ झारखंड की मिट्टी, संस्कृति, प्रकृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा।24 जिलों तक पहुंचेगी यात्रा

यात्रा का उद्देश्य झारखंड के अभ्यर्थियों एवं युवाओं के बीच भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता के लिए जागरूकता एवं जनसमर्थन को मजबूत करना है।
न्यायिक लड़ाई के लिए लीगल टीम भी रहेगी साथ
इस यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को न्यायिक लड़ाई से संबंधित आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए अधिवक्ताओं की लीगल टीम भी साथ रहेगी। जो इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित न्यायिक मामलों में इंटरवेनर के रूप में सम्मिलित होना चाहते हैं, उन्हें वकालतनामा एवं आवश्यक न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित सहयोग लीगल टीम द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिन अभ्यर्थियों के हित भर्ती प्रक्रिया से प्रभावित हो रहे हैं, वे कानूनी प्रक्रिया में विधिसम्मत तरीके से अपनी बात रख सकें।
पूरी यात्रा होगी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पूरी तरह संवैधानिक, लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जाएगी। किसी भी प्रकार की हिंसा, उपद्रव या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि का इस अभियान से कोई संबंध नहीं होगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार एवं संबंधित भर्ती संस्थाओं के समक्ष अभ्यर्थियों की समस्याओं, मांगों और भर्ती व्यवस्था में आवश्यक सुधारों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से रखना है।
झारखंड के युवाओं में उत्साह और व्यापक समर्थन
इस यात्रा को लेकर झारखंड के अभ्यर्थियों एवं युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों और आम लोगों का समर्थन एवं सहभागिता प्राप्त हो रही है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं न्याय की मांग को लेकर संघर्षरत अभ्यर्थियों के लिए यह यात्रा एक महत्वपूर्ण जनअभियान के रूप में आगे बढ़ेगी।
हमारा संकल्प स्पष्ट है—झारखंड में ऐसी भर्ती व्यवस्था का निर्माण हो, जिसमें योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो, भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार एवं अनियमितता के लिए कोई स्थान न हो। यह यात्रा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, अधिकार और सम्मान की लोकतांत्रिक लड़ाई को 24 जिलों तक पहुंचाने का संकल्प है। हमें विश्वास है कि यह यात्रा झारखंड के छात्र-युवा आंदोलन के इतिहास में एक ऐतिहासिक जनअभियान के रूप में दर्ज होगी।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News








