रांची स्टेडियम भगदड़ कांड पर भाजपा का हमला: JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर तुरंत FIR और बर्खास्तगी की मांग
बिना किसी एसओपी (SOP) के कुछ बाउंसरों के भरोसे छोड़ दी गई थी सुरक्षा
रांची स्टेडियम भगदड़ हादसे पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने जेएससीए प्रबंधन की विधिक लापरवाही को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, सीटिंग जज से न्यायिक जांच कराने और घायलों को वित्तीय सहायता देने की मांग की है।
रांची: स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना को लेकर भाजपा ने जेएससीए और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए जेएससीए प्रबंधन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर तत्काल FIR दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
अजय साह ने कहा कि पिछले एक वर्ष में जेएससीए क्रिकेट से अधिक अपने विवादों के कारण चर्चा में रहा है। संगठन की कार्यप्रणाली और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी पूर्व में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन शिकायतों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


उन्होंने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि घटना के समय उनकी प्राथमिकता आम दर्शकों की सुरक्षा नहीं, बल्कि वीआईपी मेहमानों की आवभगत दिखाई दी। आज जेएससीए क्रिकेट के बेहतर संचालन से अधिक वीआईपी संस्कृति, महंगी पार्टियों और अव्यवस्थाओं के लिए चर्चा में रहता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि घटना के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जेएससीए के जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर किसके दबाव में कार्रवाई रोकी जा रही है? अजय नाथ शाहदेव को मीडिया और जनता के सामने आकर जवाब देना चाहिए, न कि जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करना चाहिए।
भाजपा ने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव सहित इस पूरे आयोजन के लिए जिम्मेदार सभी पदाधिकारियों पर तत्काल FIR दर्ज करने, उन्हें उनके पदों से हटाने तथा निष्पक्ष जांच पूरी होने तक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही भाजपा ने भगदड़ में घायल सभी लोगों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा उनके समुचित इलाज की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और जेएससीए द्वारा उठाने की मांग की है।
अजय साह ने कहा कि जिस प्रकार बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम हादसे में न्यायिक जांच कराई गई थी, उसी तर्ज पर रांची स्टेडियम भगदड़ मामले में भी सीटिंग जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराई जाए ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रेसवार्ता में मीडिया सह प्रभारी तारिक इमरान तथा सूरज शाहदेव मौजूद रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts

Latest News

