लोहरदगा: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित
ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल बैंकिंग और डोरस्टेप सेवाएं पहुंचा रहा है IPPB
लोहरदगा मुख्य शाखा में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने संतोष कुमार, मुज्तबा अशरफ सहित अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत से बैंक की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
लोहरदगा: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) की लोहरदगा मुख्य शाखा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संतोष कुमार, मुज्तबा अशरफ सहित बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य कर्मियों को शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के कारण बैंक की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक भारत सरकार के संचार मंत्रालय के डाक विभाग के अधीन संचालित 100 प्रतिशत सरकारी बैंक है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरल, सुरक्षित और आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना है। बैंक का विशाल डाकिया एवं ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) नेटवर्क घर-घर जाकर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने बताया कि पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (जीवन प्रमाण) की सुविधा भी काफी उपयोगी साबित हो रही है। अब बुजुर्गों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि डाकिया उनके घर पहुंचकर बायोमेट्रिक के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जारी करता है। इसके अलावा आईपीपीबी खाते को पोस्ट ऑफिस बचत खाते से जोड़कर पीपीएफ, आवर्ती जमा (आरडी) और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी बचत योजनाओं में भी आसानी से लेनदेन किया जा सकता है।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि आईपीपीबी के माध्यम से यूपीआई, आईएमपीएस, एनईएफटी, क्यूआर कोड आधारित भुगतान, मोबाइल एवं डीटीएच रिचार्ज, बिजली, पानी और गैस बिल भुगतान सहित विभिन्न बीमा सेवाओं का लाभ भी ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
अधिकारियों ने सभी कर्मियों से समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा बैंक की सेवाओं को जन-जन तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
Related Posts


Latest News








