जमशेदपुर : देह व्यापार के आरोप में होटल मालिक सहित पांच को जेल, आरोपों से इनकार
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर मामले में एक दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई की दिशा बदलते हुए होटल के मालिक राजीव दुग्गल, मैनेजर धनंजय सिंह, जुगसलाई के व्यापारी राहुल अग्रवाल, सीएच एरिया के कारोबारी शरद पोद्दार और कोलकाता की महिला को देह व्यापार के आरोप में जेल भेज दिया. बिष्टुपुर थाने में पांचों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. वहीं पुलिस ने दिलचस्प रूप से अलकोर होटल से 25 अप्रैल को छापेमारी में पकड़े गये जुगसलाई के कारोबारी राजेश उर्फ लड्डू मंगोतिया, मानगो के कारोबारी दीपक अग्रवाल और सीतारामडेरा ईस्ट बंगाल कॉलोनी निवासी कारोबारी रजत जग्गी को छोड़ दिया है.
25 अप्रैल को पकड़े गये राजेश उर्फ लड्डू मंगोतिया, दीपक अग्रवाल और रजत जग्गी को पुलिस ने होम क्वारेंटाइन में रखने की बात कही है. शनिवार को होटल में छापेमारी के दौरान इन तीनों को भी पुलिस ने पकड़ा था, जबकि पुलिस को चकमा देकर कुछ कारोबारी भागने में सफल रहे थे. इनमें महिलाएं भी शामिल थीं. पुलिस फरार कारोबारियों और महिलाओं का फिलहाल कोई पता नहीं लगा सकी है. बताया जाता है कि भागे लोग शहर के जाने माने चेहरे हैं.




