Hazaribagh News: रामनवमी पर अभेद सुरक्षा कवच, आकाश से धरती तक रहेगी पैनी नजर
10 बाइक एंबुलेंस और 51 अस्पतालों में निशुल्क प्राथमिक उपचार की व्यवस्था
हजारीबाग की ऐतिहासिक रामनवमी के लिए पुलिस प्रशासन ने हाईटेक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। एसपी अंजनी अंजन के अनुसार, इस बार 107 अखाड़ों की निगरानी GPS और गूगल मैप के जरिए की जाएगी। सुरक्षा के लिए 5000 जवान, 143 CCTV, ड्रोन और नाइट विजन दूरबीन तैनात रहेंगे। साथ ही, चिकित्सा के लिए 10 बाइक एंबुलेंस और सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष मॉनिटरिंग सेल बनाया गया है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण उत्सव की अपील करते हुए उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी दी है।
हजारीबाग: ऐतिहासिक रामनवमी के मद्देनज़र हजारीबाग पुलिस ने इस वर्ष अभेद सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। सुरक्षा के इस व्यापक प्लान में आधुनिक तकनीक और मानव बल का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि इस बार रामनवमी जुलूस के दौरान 107 अखाड़े सड़क पर उतरेंगे, जिन्हें लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है। पहली बार सभी अखाड़ों की निगरानी जीपीएस और गूगल मैप के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक जुलूस को एक यूनिफाइड कोड दिया जाएगा, जिसमें थाना का नाम, जुलूस संख्या, स्थान, तथा अखाड़ा अध्यक्ष और सचिव की जानकारी अंकित रहेगी। इससे गूगल अर्थ के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी।

पूरे जुलूस की निगरानी के लिए 143 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही 50 नाइट विजन दूरबीन को 50 प्रमुख भवनों पर स्थापित किया गया है, जहां 100 से अधिक जवान लगातार निगरानी करेंगे। इसके अलावा सैकड़ों ड्रोन कैमरे आकाश से पूरे आयोजन पर नजर रखेंगे। पहली बार 16 अस्का लाइट और 20 मोबाइल इलेक्ट्रिक यूनिट की व्यवस्था भी की गई है, जिससे रात के समय भी प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 5000 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल और शौचालय की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर है। इसके लिए एक विशेष मॉनिटरिंग यूनिट बनाई गई है। अब तक 20 सोशल मीडिया हैंडलर्स को आपत्तिजनक पोस्ट हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने कहा कि भ्रामक या उन्माद फैलाने वाले पोस्ट पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
एसपी अंजनी अंजन ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हजारीबाग की इस ऐतिहासिक रामनवमी का सभी लोग शांतिपूर्ण ढंग से आनंद लें, लेकिन कानून तोड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। कुल मिलाकर इस बार हजारीबाग में रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा के ऐसे व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिसमें आकाश से लेकर धरती तक हर गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर रखी जाएगी।
Related Posts
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
