Chaibasa News: फायरिंग में घायल युवक की कोलकाता में मौत, बर्मामाइंस में सड़क जाम कर लोगों का प्रदर्शन
इलाज के दौरान कोलकाता के अस्पताल में मंगलवार तड़के हुई मौत
पूर्वी सिंहभूम के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना में गंभीर रूप से घायल आफताब आलम की मंगलवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने बर्मामाइंस थाना के बाहर सड़क जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया।
पूर्वी सिंहभूम: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड के घायल आफताब आलम ने मंगलवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही बर्मामाइंस क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और थाना के बाहर सड़क जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
आफताब आलम को रविवार रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती के कंटेनर यार्ड के समीप मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने निशाना बनाया था। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया था, जहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


Latest News







