Bokaro News: मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा गैस सुरक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित
58 अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली कार्यस्थल पर सुरक्षा की शपथ
बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में 30 मार्च 2026 को गैस सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र में 58 प्रतिभागियों ने गैसों की प्रकृति, सुरक्षा मानकों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तरीकों के बारे में विस्तार से जाना। ईएमडी के सुनील रैना ने प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाई और तकनीकी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शॉप फ्लोर पर जोखिमों को न्यूनतम करने के उपाय साझा किए।
बोकारो: इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के लघु प्रेक्षागृह में 30 मार्च को गैस सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सत्र सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ विभाग तथा एनर्जी मैनेजमेंट डिपार्टमेंट (ईएमडी) के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।इस कार्यक्रम में संयंत्र के विभिन्न विभागों के लगभग 58 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें अधिकारी, कर्मचारी और संविदा कर्मचारी शामिल थे। इस अवसर पर एनर्जी मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के इंजीनियरिंग एसोसिएट सुनील रैना ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और जागरूकता कार्यक्रम के उद्देश्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाई, जो कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अपने संबोधन में रैना ने औद्योगिक परिवेश, विशेषकर इस्पात संयंत्रों में गैस सुरक्षा की आवश्यकता और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपयोगिता पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने स्टील प्लांट के सुचारु परिचालन के लिए गैस के सुरक्षित उपयोग के महत्व को रेखांकित किया और सभी प्रतिभागियों से इस सत्र से प्राप्त जानकारी को कार्यस्थल पर लागू करने की अपील की।प्रशिक्षण सत्र के दौरान रैना ने एक विस्तृत तकनीकी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों की गैस सुरक्षा से संबंधित समझ को और सुदृढ़ किया।

