Bokaro News : उपायुक्त ने मानवता का परिचय देते हुए अनोखे अंदाज में मनाया अपना जन्मदिन, आश्रम और वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां
बच्चों का हालचाल जानकर कराया मुंह मीठा, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपना जन्मदिन मानवता और समाज सेवा के साथ मनाया। 12 मार्च को उन्होंने बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-5 स्थित मानव सेवा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और उनका मुंह मीठा कराया।
बोकारो : बोकारो जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा में मानवता का गुण साफ झलकता है। वे जितने मधुरभाषी स्वभाव के हैं, उतनी ही स्पष्ट रूप से उनकी संवेदनशीलता और मानवीयता भी दिखाई देती है। अपनी इसी मानवता के कारण वे अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनमें उपायुक्त पद का जरा भी अहंकार नहीं दिखता। वे आम जनता से सीधे मिलते हैं और लोगों को उनसे मिलने के लिए किसी तरह की सिफारिश या फरियाद नहीं करनी पड़ती। जो भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनके पास पहुंचता है, उसके समाधान के लिए वे त्वरित पहल करते हैं।

वे पत्रकारों के प्रति भी संवेदनशील रहते हैं और समय-समय पर उनका हाल-चाल लेते रहते हैं। किसी पत्रकार के निधन की सूचना मिलने पर उपायुक्त अजय नाथ झा स्वयं उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते हैं और परिवार के सदस्यों को सांत्वना व ढांढस बंधाते हैं। उन्हें जनता का दुख-दर्द देखा नहीं जाता। सेवानिवृत्त अपने चालक को भी उन्होंने स्वयं वाहन चलाकर पूरे सम्मान के साथ उनके घर तक छोड़कर मानवता का परिचय दिया।
जहां आमतौर पर लोग अपना जन्मदिन बड़े होटलों या क्लबों में धूमधाम से मनाते हैं, वहीं बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने इसे अलग अंदाज में मनाकर मिसाल पेश की। उन्होंने अपना जन्मदिन गरीब, अनाथ बच्चों और बुजुर्गों के साथ मनाया।
गुरुवार, 12 मार्च को अपने जन्मदिन के अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-5 स्थित मानव सेवा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों के साथ कुछ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका कुशल-क्षेम जाना और उनका मुंह मीठा कराया। उपायुक्त ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
मानव सेवा आश्रम में उपायुक्त ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि दिव्यांग बच्चों की देखभाल और शिक्षा में और सुधार किया जा सके।
इसके बाद उपायुक्त सोलागडीह स्थित बाबा वैद्यनाथ जन सेवा समिति वृद्ध आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने बुजुर्गों का हाल-चाल जाना, उनके स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनका मुंह मीठा कराया।
वृद्ध आश्रम के समीप दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में स्थापित ‘गुरूजी वाटिका’ का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने परिसर की सफाई, रखरखाव और सौंदर्यीकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त की इस पहल से बच्चों और बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
